Breaking News

गेड़ी पर दौड़े नौनिहाल, गूंजा छत्तीसगढ़ की संस्कृति का गौरव

INTACH कवर्धा ने कराई अंतर-विद्यालयीन गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता, अतिथियों ने भी गेड़ी चढ़कर बढ़ाया बच्चों का उत्साह

कवर्धा। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरागत खेलों और विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने की अनूठी पहल के तहत INTACH (Indian National Trust for Art and Cultural Heritage) कवर्धा अध्याय द्वारा 1 सितंबर को स्थानीय अभ्युदय पब्लिक स्कूल में अंतर-विद्यालयीन पारंपरिक गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कवर्धा नगर के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गेड़ी पर संतुलन बनाकर दौड़ते नौनिहालों ने जहां अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं आयोजन स्थल पर छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और लोक खेलों का रंग भी देखने को मिला।

प्रतियोगिता में सीनियर एवं जूनियर वर्ग के बालक और बालिकाओं ने हिस्सा लिया। सीनियर वर्ग के लिए 50 मीटर तथा जूनियर वर्ग के लिए 40 मीटर की दौड़ निर्धारित की गई थी। गेड़ी पर संतुलन बनाते हुए तेज गति से आगे बढ़ते बच्चों को देखकर दर्शकों और विद्यालय के विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास और जोश के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर यह संदेश दिया कि पारंपरिक खेल आज भी नई पीढ़ी के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं।

छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं राज्यगीत का गायन किया गया। आयोजन में अतिथियों ने पारंपरिक खेलों के संरक्षण और बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी, कवर्धा युवराज मैकेलेश्वर राज सिंह, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त व्याख्याता आदित्य श्रीवास्तव, डीपीएस स्कूल संचालक आशीष अग्रवाल, अश्विनी कुमार श्रीवास, दिनेश साहू तथा अभ्युदय पब्लिक स्कूल के प्राचार्य तोरण साहू सहित विभिन्न विद्यालयों के खेल शिक्षक एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

पारंपरिक खेलों के संरक्षण से जुड़ रही नई पीढ़ी

स्वागत उद्बोधन में कवर्धा युवराज मैकेलेश्वर राज सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राचीन परंपराओं और लोक खेलों को संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। INTACH कवर्धा के संयोजक राजा योगेश्वर राज सिंह के मार्गदर्शन में हरेली पर्व से जुड़ी गेड़ी दौड़ जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन इसी उद्देश्य से किया जा रहा है, ताकि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और लोकपरंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक पहुंच सकें।

आदित्य श्रीवास्तव ने गेड़ी दौड़ की परंपरा और उसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गेड़ी केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह शारीरिक संतुलन, व्यायाम और स्वास्थ्य की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण पारंपरिक खेल है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में शारीरिक क्षमता के साथ-साथ आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है।

अभ्युदय पब्लिक स्कूल के प्राचार्य तोरण साहू ने INTACH कवर्धा का विद्यालय परिसर में गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया।

शॉट बजते ही गेड़ी पर दौड़ पड़े बच्चे

प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ कवर्धा युवराज मैकेलेश्वर राज सिंह द्वारा शॉट बजाकर किया गया। शॉट बजते ही प्रतिभागी बच्चे गेड़ी पर सवार होकर निर्धारित दूरी की ओर तेजी से दौड़ पड़े। गेड़ी पर संतुलन बनाकर दौड़ते बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस दौरान उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

आयोजन की खास बात यह रही कि अतिथियों ने स्वयं गेड़ी पर चढ़कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। इससे बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के रंग में रंग गया।

प्रतियोगिता में इन प्रतिभागियों ने हासिल किए स्थान

सीनियर वर्ग – बालक

प्रथम: युगल पलवारे — गुरुकुल पब्लिक स्कूल, कवर्धा
द्वितीय: यूराज साहू
तृतीय: रोहित साहू — अभ्युदय स्कूल, कवर्धा

सीनियर वर्ग – बालिका

प्रथम: संध्या कौशिक — अशोका पब्लिक स्कूल, कवर्धा
द्वितीय: साक्षी च. — आर.पी.एस. स्कूल, कवर्धा
तृतीय: दिगेश्वरी कौशिक — दिशा पब्लिक स्कूल, कवर्धा

जूनियर वर्ग – बालक

प्रथम: पुरेन्द्र साहू — गुरुकुल पब्लिक स्कूल, कवर्धा
द्वितीय: दिकेश साहू — आर.पी.एस. स्कूल, कवर्धा
तृतीय: सागर धुर्वे — जी.एच.एस. कैलाश नगर स्कूल, कवर्धा

जूनियर वर्ग – बालिका

प्रथम: सोनाक्षी वर्मा — अशोका पब्लिक स्कूल, कवर्धा
द्वितीय: प्रतिज्ञा मारकंडे — जे.वी.एम. स्कूल, कवर्धा
तृतीय: निशा साहू — होली क्रॉस स्कूल, कवर्धा

खेल शिक्षकों और आयोजन टीम का रहा विशेष सहयोग

प्रतियोगिता को सफल बनाने में नगर के विभिन्न विद्यालयों के खेल शिक्षकों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। आयोजन की सफलता में असलम नवाज, मोहित खनूजा एवं सलमान खान की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन सलमान खान एवं विकासखंड क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती संगीता साहू ने किया।

वर्षों से INTACH निभा रहा लोकपरंपराओं को संजोने का दायित्व

ज्ञातव्य हो कि INTACH कवर्धा अध्याय द्वारा विगत अनेक वर्षों से हरेली पर्व के अवसर पर गेड़ी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति, लोक खेलों एवं ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करते हुए बच्चों और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है।

गेड़ी दौड़ जैसे पारंपरिक खेलों के आयोजन से जहां बच्चों में शारीरिक संतुलन, चुस्ती-फुर्ती, आत्मविश्वास एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होती है, वहीं उन्हें छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोकपरंपराओं को करीब से जानने और अनुभव करने का अवसर भी मिलता है। आधुनिक खेलों के बढ़ते प्रभाव के बीच इस तरह के आयोजन प्रदेश की पारंपरिक पहचान को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

INTACH कवर्धा की यह पहल इस बात का संदेश देती है कि संस्कृति केवल किताबों में पढ़ने की चीज नहीं, बल्कि उसे खेल, परंपरा और उत्सव के माध्यम से अगली पीढ़ी तक जीवंत रूप में पहुंचाना भी उतना ही जरूरी है।

 

About Ashish Agrawal

Ashish Agrawal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *