कवर्धा कुंडा/पंडरिया दिनांक 23 जून 2026 को ग्राम रुसे में भारतीय किसान संघ की तहसील इकाई कुंडा एवं पंडरिया तथा जिला कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर गंभीर चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में भारतीय किसान संघ के प्रदेश मंत्री कुणाल सिंह ठाकुर, प्रांत मीडिया प्रभारी संजय साहू, जिला अध्यक्ष डोमन चंद्रवंशी, जिला महामंत्री जीवन यादव, जिला उपाध्यक्ष दिनेश चंद्रवंशी, कार्यालय मंत्री कमलेश चंद्रवंशी, कवर्धा अध्यक्ष पिंटू चंद्रवंशी, पंडरिया अध्यक्ष भागवत चंद्राकर तथा कुंडा अध्यक्ष झम्मन चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसानों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के निराकरण हेतु भारतीय किसान संघ एवं छत्तीसगढ़ समृद्ध किसान संघ द्वारा 30 जून 2026 को पलानसरी मोड़ पर अनिश्चितकालीन चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में किसानों से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दों को लेकर आंदोलन का निर्णय लिया गया। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल शक्कर कारखाना द्वारा गन्ना किसानों का लगभग 23 करोड़ 74 लाख रुपये से अधिक का बकाया भुगतान अब तक नहीं किया गया है। भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण किसान आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं और उन्हें खेती-किसानी सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए धन की आवश्यकता है। संगठन ने मांग की है कि किसानों का बकाया भुगतान तत्काल किया जाए।
दूसरी प्रमुख मांग खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने की है। किसानों ने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन की बुवाई शुरू होने के बावजूद किसान खाद के लिए भटक रहे हैं। कई स्थानों पर खाद विक्रेताओं द्वारा मनमाने दामों पर खाद बेचने एवं कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही हैं। संगठन ने दोषी दुकानदारों और डीलरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।
तीसरी मांग के तहत संगठन ने राज्य सरकार से गन्ना फसल को कृषक कल्याण योजना में शामिल करने की मांग की है, ताकि गन्ना उत्पादक किसानों को भी अन्य फसलों की तरह प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो सके।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो 30 जून से पलानसरी मोड़ पर अनिश्चितकालीन चक्का जाम आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
भारतीय किसान संघ एवं छत्तीसगढ़ समृद्ध किसान संघ ने जिले के किसानों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर किसानों के हक की लड़ाई को मजबूत बनाने की अपील की है।
CG Janmanch