वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिए
कवर्धा। कवर्धा-भोरमदेव मार्ग पर स्थित समनापुर के पास उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक आक्रामक हनुमान लंगूर ने राहगीरों और स्थानीय निवासियों पर हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग ने तेजी दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
वनमंडलाधिकारी कवर्धा निखिल अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान लिया और उपवनमंडलाधिकारी अभिनव केसरवानी के मार्गदर्शन में कवर्धा परिक्षेत्र की टीम एवं उड़नदस्ता दल को मौके पर भेजा गया।
वन विभाग की टीम ने पूरी सावधानी और रणनीति के साथ अभियान चलाते हुए पशु चिकित्सक डॉ. जडिया एवं उनकी टीम के सहयोग से हनुमान लंगूर को ट्रेंकुलाइज कर सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। इस दौरान किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जनहानि नहीं होने दी गई, जो विभाग की सतर्कता और कुशल कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
रेस्क्यू के बाद लंगूर को सुरक्षित रूप से बोड़ला स्थित पिंजरे में निगरानी हेतु रखा गया है। पशु चिकित्सकों के अनुसार, अगले दो दिनों तक उसके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जाएगी। यदि वह पूरी तरह स्वस्थ पाया जाता है, तो उसे पुनः सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा।
👉 वन विभाग की अपील:
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव से संबंधित सूचना तुरंत विभाग को दें और ऐसी स्थिति में स्वयं हस्तक्षेप करने से बचें। सतर्कता और सहयोग से ही ऐसी घटनाओं को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है।

CG Janmanch