Breaking News

जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति रखें सुचारू, कलेक्टर ने पंप संचालकों को दिए निर्देश

सभी पेट्रोल पंपों में एक सप्ताह का स्टॉक अनिवार्य, रोजाना खरीदी-बिक्री की देनी होगी जानकारी, अग्रिम इंडेंट रखने के निर्देश

पेट्रोल-डीजल व एलपीजी शिकायतों के लिए जिला कंट्रोल रूम स्थापित, प्रदेश में एक माह का पर्याप्त स्टॉक

कवर्धा, 14 मार्च 2026/ कलेक्टर  गोपाल वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के पेट्रोल पंप संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक लेकर जिले में पेट्रोलियम उत्पादों की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में शासन के दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में कलेक्टर ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति बाधित न हो ताकि उपभोक्ताओं को समय पर ईंधन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जा सके।

कलेक्टर वर्मा ने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों में आगामी एक सप्ताह का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखें। न्यूनतम रिजर्व स्टॉक की स्थिति हर समय बनाए रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पेट्रोल पंप में ड्राई स्थिति उत्पन्न नहीं होने देना है। इसके लिए पंप संचालकों को अग्रिम इंडेंट की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

कलेक्टर ने कहा कि भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सभी पंप संचालकों द्वारा कड़ाई से पालन किया जाए। साथ ही प्रत्येक कार्य दिवस में पेट्रोल और डीजल की खरीदी-बिक्री से संबंधित दैनिक जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, जिससे आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा सके। बैठक में खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन, सहायक खाद्य अधिकारी मदन मोहन साहू सहित जिले के विभिन्न पेट्रोल पंप संचालक उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित

प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और व्यवस्था की निगरानी तथा संबंधित विभागों और संस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से खाद्य विभाग द्वारा राज्य एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिला कबीरधाम में भी कंट्रोल रूम कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 21, खाद्य शाखा में बनाया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 07741-232048 है। इस नंबर पर एलपीजी गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल से संबंधित किसी भी समस्या के निराकरण के लिए कार्यालयीन समय में संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके अतिरिक्त राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 0771-2511975 है।

प्रदेश में एक माह का पर्याप्त पेट्रोल-डीजल स्टॉक

छत्तीसगढ़ पेट्रोलियम के प्रदेश अध्यक्ष विजय पाण्डेय ने बताया कि प्रदेश में भारत पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के तीनों डिपो में आगामी एक माह तक का पर्याप्त पेट्रोल और डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि पर्याप्त भंडारण उपलब्ध होने के कारण प्रदेश के सभी जिलों में स्थित पेट्रोल पंपों को नियमित रूप से आपूर्ति जारी रहेगी और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

About cgjanmanchnews

cgjanmanchnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *