पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल साइकिल से पहुंचे कार्यालय
कवर्धा। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा संबंधी आवाहन से प्रेरित होकर कबीरधाम पुलिस द्वारा एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल की गई। जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल स्वयं साइकिल से कार्यालय पहुंचे तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी ऊर्जा बचत के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी बन चुकी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी दैनिक आदतों में छोटे-छोटे बदलाव लाए, तो ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
उन्होंने जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि जिनका निवास कार्यालय के समीप है, वे यथासंभव पैदल कार्यालय आएं तथा अनावश्यक वाहन उपयोग से बचें। साथ ही प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक दिन साइकिल अथवा पैदल कार्यस्थल तक पहुंचने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव सहित कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी साइकिल से कार्यालय पहुंचे और ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया।
कबीरधाम police की यह पहल न केवल प्रशासनिक स्तर पर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत कर रही है, बल्कि आमजन को भी पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।

CG Janmanch