कवर्धा। दिल्ली पब्लिक स्कूल, महाराजपुर, कवर्धा में बाल दिवस के अवसर पर 14 एवं 15 नवंबर 2026 को विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं व्यावहारिक कौशल को प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर 14 नवंबर को शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रातःकालीन सभा का आयोजन किया गया। कक्षा 3 से 12 तक तथा नर्सरी से कक्षा 2 तक के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग सभाएँ आयोजित की गईं। इसमें शिक्षकों ने एंकरिंग, सुविचार, रोचक तथ्य, सामान्य ज्ञान प्रश्न, वाद्य यंत्रों के साथ सामूहिक गायन, सामूहिक नृत्य, प्रतिज्ञा, कमांड, भाषण एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
वहीं 15 नवंबर को आयोजित आनंद मेला एवं कौशल बोध मेले में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रकार के खाद्य स्टॉल लगाए गए, जिनमें ब्राउनी, पापड़ी चाट, दही पुरी, मसाला भेल, मैगी भेल, गुलाब जामुन, चना चटपटी, कुरकुरे चाट, स्वीट कॉर्न, सैंडविच, हॉट कॉफी एवं अन्य स्वादिष्ट व्यंजन शामिल रहे। विद्यार्थियों ने इन स्टॉलों के माध्यम से अपनी पाक-कला, प्रबंधन क्षमता एवं उद्यमशीलता कौशल का प्रदर्शन किया। कौशल बोध मेले के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा स्वयं तैयार की गई डीआईवाई एवं हस्तनिर्मित वस्तुओं का प्रदर्शन एवं स्टॉल लगाए गए, जिससे उन्हें अपनी रचनात्मकता एवं व्यावहारिक कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इसके अतिरिक्त रिंग टॉस, बॉल टॉस, लकी स्पिन एवं ग्लास हिट जैसे मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया।
इसी क्रम में नर्सरी से कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए टैलेंट शो एवं फैशन शो आयोजित किया गया। इसमें नन्हे विद्यार्थियों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉक्टर, आर्मी ऑफिसर एवं झाँसी की रानी जैसी विभिन्न वेशभूषाओं में अपनी आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। इसके साथ ही बच्चों ने रैंप वॉक, एकल गायन, एकल नृत्य, अभिभावकों के साथ गायन एवं नृत्य तथा युगल गायन एवं नृत्य जैसी गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर आशीष अग्रवाल एवं अभिषेक अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय की प्राचार्या ग्रेसिया ऐन फीग्रेड ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनकी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने ऐसे आयोजनों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
समग्र रूप से दोनों दिनों के आयोजनों ने विद्यालय परिसर को उत्साह, उमंग एवं उल्लास से भर दिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास विकसित करने तथा रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने का अवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा सभी ने मिलकर इस आयोजन का भरपूर आनंद लिया। सभी की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग से यह आयोजन यादगार एवं सफल रहा।



CG Janmanch