दिल्ली पब्लिक स्कूल, महाराजपुर, कवर्धा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए शनिवार को विभिन्न शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कक्षा 6 के विद्यार्थियों के लिए पौधाशाला (नर्सरी) का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के पौधों एवं जंगली वृक्षों, उनके औषधीय गुणों तथा पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। नर्सरी के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को पौधारोपण की सही विधि बताई तथा उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने स्वयं वृक्षारोपण भी किया। अंत में प्रत्येक विद्यार्थी को एक-एक पौधा प्रदान किया गया तथा सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।
कक्षा 7 एवं 8 के विद्यार्थियों के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय, कवर्धा का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। न्यायालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को न्यायालय की कार्यप्रणाली, न्यायिक प्रक्रिया, अभिलेख एवं दस्तावेज़ कक्ष, लेखा-जोखा व्यवस्था तथा न्याय व्यवस्था से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। विद्यार्थियों ने न्यायालय के विभिन्न अनुभागों का अवलोकन किया तथा कानून एवं न्याय प्रणाली को निकट से समझा।
विद्यालय में विद्यार्थियों के शारीरिक विकास एवं खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंटर हाउस खो-खो प्रतियोगिता का भी सफल आयोजन किया गया, जिसमें सभी हाउस के खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना एवं उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
इसी क्रम में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए “स्टे कूल एंड स्टे सेफ़” विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने गर्मी से बचाव, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं जन-जागरूकता से संबंधित आकर्षक एवं संदेशपूर्ण पोस्टर तैयार किए।
विद्यालय की प्राचार्या एवं शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार की शैक्षिक, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के बौद्धिक, शारीरिक, सामाजिक एवं नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सभी विद्यार्थियों ने प्रत्येक गतिविधि में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी इसी प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक गतिविधियों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।


CG Janmanch