कवर्धा, 15 अगस्त 2026: दिल्ली पब्लिक स्कूल, महाराजपुर, कवर्धा में देशभक्ति, उत्साह एवं गौरव की भावना के साथ भारत का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक आशीष कुमार अग्रवाल एवं अभिषेक अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं विद्यालय की प्राचार्या ग्रासिया एन. फीग्रेड के विद्यार्थियों द्वारा भव्य परेड के माध्यम से एस्कॉर्ट किए जाने से हुआ। इसके पश्चात भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना की गई। तत्पश्चात ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया।
समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, प्रभावशाली भाषण एवं विभिन्न परिधानों में रंगारंग नृत्य प्रस्तुत किए गए। इसके अतिरिक्त एरोबिक्स, कराटे एवं सेल्फ-डिफेंस का उत्साहपूर्ण प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि मंच संचालन की जिम्मेदारी भी विद्यार्थियों ने ही आत्मविश्वास एवं कुशलता के साथ निभाई।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों द्वारा भी विद्यार्थियों को प्रेरणादायक विचारों से संबोधित किया गया। निदेशक अभिषेक अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, जिम्मेदारी एवं देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या श्रीमती ग्रासिया एन. फीग्रेड ने भी अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में स्वतंत्रता के महत्व को समझाते हुए विद्यार्थियों को देश के आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के अंत में विद्यालय के हेड बॉय द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। पूरे कार्यक्रम में विद्यालय परिसर देशभक्ति के उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर रहा। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।

CG Janmanch