Breaking News

विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक कल्याण को लेकर DPS कवर्धा में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

एंग्जायटी, डिप्रेशन, फोबिया और PTSD की पहचान सहित PRASHAST App के उपयोग की दी गई जानकारी

कवर्धा। दिल्ली पब्लिक स्कूल, कवर्धा में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को शिक्षकों के व्यावसायिक विकास एवं विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम (कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “Promoting Mental Health and Wellness Students” रहा।

कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन के रूप में रॉयन डी. फीग्रेड, प्राचार्य, एम्बिशन पब्लिक स्कूल, पंडरिया तथा जीवेश द्विवेदी, प्राचार्य, नीरज विद्या मंदिर, डोंगरगांव उपस्थित रहे। दोनों प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान ‘Understanding Yourself’ विषय पर विशेष चर्चा की गई। हैंडआउट्स एवं केस स्टडीज के माध्यम से शिक्षकों को विद्यार्थियों के व्यवहार, भावनाओं एवं मानसिक स्थिति को बेहतर ढंग से समझने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान एंग्जायटी, डिप्रेशन, फोबिया एवं PTSD सहित विभिन्न मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, उनके संभावित लक्षणों तथा पहचान के संकेतों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

प्रशिक्षकों ने कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों के व्यवहार एवं भावनात्मक बदलावों पर विशेष संवेदनशीलता के साथ ध्यान देना चाहिए। ऐसी परिस्थितियों में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए विद्यार्थियों को सहयोग प्रदान करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, उनकी बातों को बिना किसी पूर्वाग्रह के सुनने, उन्हें प्रोत्साहित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित मार्गदर्शन एवं विशेषज्ञ सहायता उपलब्ध कराने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।

कार्यक्रम में PRASHAST App के उपयोग, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान तथा उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई। विभिन्न गतिविधियों, उदाहरणों एवं केस स्टडीज के माध्यम से प्रशिक्षण को व्यावहारिक और ज्ञानवर्धक बनाया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक एवं सक्रिय सहभागिता के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया। शिक्षकों ने मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित विषयों को समझने में विशेष रुचि दिखाई और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अपनी भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या ग्रेशिया एन. फीग्रेड मैम एवं समस्त शिक्षकगण ने दोनों रिसोर्स पर्सन्स के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन, उपयोगी सुझावों एवं ज्ञानवर्धक प्रशिक्षण के लिए धन्यवाद दिया।

यह एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को विद्यार्थियों के मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

About Ashish Agrawal

Ashish Agrawal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *