राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तीन विद्यार्थियों ने हासिल किया स्थान, शिक्षक एवं प्राचार्य भी हुए सम्मानित।
कवर्धा। दिल्ली पब्लिक स्कूल, कवर्धा के विद्यार्थियों ने ग्रीन इंडिया मिशन आर्ट कॉम्पिटिशन प्रोजेक्ट – 2026 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन महाराष्ट्र के पुणे स्थित द नेशनल एकेडमी फॉर आर्ट एजुकेशन (N.A.A.E.) द्वारा किया गया था। प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 68 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता सूची में स्थान प्राप्त किया। इनमें कक्षा दूसरी के ओम सिंह नेताम ने ड्राइंग, कक्षा सातवीं की दृष्टि वर्मा ने पेंटिंग तथा कक्षा नौवीं की खुशी तारम ने हैंडराइटिंग प्रतियोगिता में सफलता हासिल की। साथ ही 200 बच्चों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्राप्त हुए।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के साथ ही विद्यालय के कला शिक्षक प्रशांत पॉल को भी उनके उत्कृष्ट योगदान एवं मार्गदर्शन के लिए द नेशनल एकेडमी फॉर आर्ट एजुकेशन, पुणे द्वारा सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय के प्राचार्य को भी ग्रीन इंडिया मिशन की ओर से उनके प्रोत्साहन एवं सहयोग के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों के प्रमाण-पत्र, मेडल एवं स्मृति-चिह्न विद्यालय को प्राप्त हुए। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की रचनात्मकता, मेहनत तथा शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है।
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य कला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता तथा हरित भारत के निर्माण के लिए जन-जागरूकता बढ़ाना है।
विद्यालय परिवार ने सभी विजेता विद्यार्थियों, कला शिक्षक एवं प्राचार्य को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

CG Janmanch