Breaking News

कबीरधाम में नशे और असामाजिक गतिविधियों पर पुलिस का शिकंजा, एसपी धर्मेंद्र सिंह स्वयं उतरे मैदान में

कवर्धा में रात्रिकालीन निरीक्षण कर सुनसान इलाकों में की कार्रवाई, यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी चला पुलिस का डंडा

कवर्धा। कबीरधाम जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक स्वयं मैदान में उतरकर विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने घोठिया रोड सहित कवर्धा शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं सुनसान क्षेत्रों का रात्रिकालीन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थानों एवं सुनसान इलाकों में बैठकर शराब सेवन करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनसे पूछताछ की गई तथा उन्हें थाना लाकर आवश्यक समझाइश दी गई। साथ ही ऐसे लोगों को सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी भी दी गई।

पुलिस अधीक्षक  धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) ने कहा कि कबीरधाम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता जिले के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। नशे, असामाजिक गतिविधियों तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सक्रिय उपस्थिति के माध्यम से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आमजन का विश्वास मजबूत करना हमारा मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने बताया कि देर रात सुनसान स्थानों पर अनावश्यक जमावड़ा लगाने वाले लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संभावित अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस द्वारा नियमित गश्त, चेकिंग एवं निगरानी अभियान संचालित किया जा रहा है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी हुई कार्रवाई

विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी सख्त चालानी कार्रवाई की गई। मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों, बिना नम्बर प्लेट के वाहन संचालित करने वालों तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

कबीरधाम पुलिस की इस सक्रिय कार्यवाही से जिले में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत हो रहा है।

“घोठिया रोड सहित संवेदनशील क्षेत्रों का एसपी ने किया निरीक्षण, सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी करने वालों को दी कड़ी चेतावनी”



 

About cgjanmanchnews

cgjanmanchnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *