कवर्धा, 13 जुलाई 2026। कबीरधाम जिले के लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (एमएआरबी) ने शासकीय मेडिकल कॉलेज, कबीरधाम को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ संचालित करने की औपचारिक अनुमति प्रदान कर दी है। मेडिकल कॉलेज का संचालन पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ से संबद्ध होकर किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं कबीरधाम विधायक विजय शर्मा ने इस उपलब्धि पर जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि शासकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना जिले के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है और इसके लिए केंद्र एवं राज्य स्तर पर लगातार समन्वय कर आवश्यक प्रयास किए गए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से कबीरधाम सहित आसपास के जिलों के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी तथा स्थानीय विद्यार्थियों को अपने जिले में ही एमबीबीएस की पढ़ाई का अवसर प्राप्त होगा।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज संचालन के लिए जिला अस्पताल को 100 से बढ़ाकर 220 बिस्तरों का किया गया। लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण की स्वीकृति दिलाई गई तथा कार्यों की नियमित निगरानी के लिए मॉनिटरिंग समिति का गठन कर स्वयं साप्ताहिक समीक्षा की गई।
उन्होंने यह भी बताया कि 23 जून को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात कर इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज प्रारंभ कराने का आग्रह किया गया था। लगातार फॉलोअप और समन्वय के परिणामस्वरूप एनएमसी ने 50 एमबीबीएस सीटों के साथ कॉलेज संचालन की अनुमति प्रदान की।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, नेशनल मेडिकल कमीशन तथा सभी संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
मुख्य बातें
एनएमसी से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मंजूरी।
50 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू होगा शासकीय मेडिकल कॉलेज।
जिला अस्पताल का 100 से 220 बिस्तरों तक उन्नयन।
लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण।
स्थानीय युवाओं को जिले में ही चिकित्सा शिक्षा का अवसर।
जिले सहित आसपास के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।


CG Janmanch